अधर्म पर हुई धर्म की विजय

धूमधाम के साथ मनाया विजया दशमी का पर्वधू -धू कर जला रावण का पुतला सिकंदराराऊ । असत्य पर सत्य और बुराई पर अच्छाई का प्रतीक विजयदशमी पर्व मंगलवार को धूमधाम के साथ मनाया गया। रावण का पुतला जलते ही नगर पालिका परिषद का क्रीड़ा स्थल जयश्रीराम के नारो से गूंजने लगा । इससे पूर्व कस्बा में मां काली की शोभायात्रा निकाली गई। भगवान श्रीराम-लक्ष्मण अपनी सेना के साथ रावण का वध करने के लिए निकले। विजयदशमी पर्व को लेकर सुबह से ही लोगों में जबरदस्त उत्साह था। मेले को लेकर जी टी रोड पर सड़क के दोनों ओर सुबह से लगी फड़ रूपी दुकानों से रौनक बढ़ गई थी। भारी संख्या में लोग खरीदारी करते हुए चाट पकौड़ी का आनंद लेते रहे। बच्चों के खेल-खिलौने भी सजे थे। रावण का वध करने के लिए कस्बा की मंडी गांधीगंज स्थित रामलीला मैदान से शाम को प्रभु श्रीराम लक्ष्मण, हनुमान जी अपनी सेना के साथ कस्बा के विभिन्न मार्गो से होकर निकले। इस दौरान मां काली का स्वरूप आगे -आगे करतब दिखाते हुए चल रहा था ।

जगह-जगह तिलक लगाकर एवं पुष्प वर्षाकर प्रभु श्रीराम का स्वागत किया गया। क्रीड़ास्थल में पहुंचकर प्रभु श्रीराम एवं रावण के मध्य युद्ध हुआ । बाद में प्रभु श्रीराम ने रावण का वध करने के लिए अग्निबाण छोड़े। इससे पूर्व मां काली ने सात बार रावण के पुतले की परिक्रमा की। सांसद अनूप प्रधान एवं विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने अग्निबाण छोड़ा। अग्निबाण लगते ही रावण एवं मेघनाथ का पुतला धू-धू कर जलने लगे। रावण एवं मेघनाथ के पुतले जलते ही भगवान मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के जयघोष गुजने लगे । मां काली की झांकी लोगो के बीच आकर्षण का केंद्र रही । रावण दहन के दौरान भारी मात्रा में पुलिस एवं पीएसी बल के साथ एसडीएम धर्मेंद्र सिंह चौहान, क्षेत्राधिकारी अमित पाठक एवं कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शिवकुमार शर्मा तैनात रहे । इस मौके पर अध्यक्ष दाऊ दयाल वार्ष्णेय, जयपाल सिंह चौहान, विशाल वार्ष्णेय, प्रवीण वार्ष्णेय डॉबी भाई,जितेंद्र वार्ष्णेय, वैभव वार्ष्णेय,विशाल वार्ष्णेय, अनिकेत गुप्ता, सूरज वार्ष्णेय, बनवारी लाल गुप्ता,देवेंद्र गुप्ता आदि मौजूद रहे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment