गदाखेड़ा में गूंजे माता के जयकारे, धूमधाम से हुआ कन्या पूजन और जागरण

गांव गदाखेड़ा में शारदीय नवरात्र के पावन पर्व पर दिनभर घरों में कन्या पूजन (कांजिका पूजन) का दौर चला, वहीं देर शाम ग्रामीणों द्वारा भव्य माता के जागरण का आयोजन किया गया।
सोमवार की देर शाम गांव गदाखेड़ा में ग्रामीणों ने अपने-अपने घरों में नौ कन्याओं (कांजिका) का विधि-विधान से पूजन किया। मां के भक्तों ने कन्याओं के चरण धोकर उन्हें आदरपूर्वक भोजन कराया। इसके बाद सभी कन्याओं को वस्त्र, फल और दक्षिणा (अर्थ) भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा ग्रामीण परिवेश देवीमय हो गया। देर शाम गांव में माता के जागरण का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना और मां दुर्गे के आह्वान के साथ हुई। स्थानीय और आमंत्रित कलाकारों ने मां के एक से बढ़कर एक लोकप्रिय और संगीतमय भजन प्रस्तुत किए। चचरा और ढोलक की थाप तथा सजा रहे दरबार मैया तेरा… जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। माता के जयकारों से पूरा पंडाल गूंज उठा। देर रात्रि माता की भव्य आरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने शामिल होकर सुख-समृद्धि की कामना की। आरती के पश्चात भक्तों में महाप्रसाद का वितरण किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में गांव के युवाओं और गणमान्य नागरिकों का विशेष सहयोग रहा।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment