कोतवाली हसायन क्षेत्र के गांव कटाई में स्थित नहर के निकट एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी । हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल युवक के भाई ने कोतवाली में नामजद ट्रैक्टर चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
गांव अण्डौली निवासी सतेन्द्र पाल सिंह पुत्र लालराम ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसका भाई सत्यपाल 4 अक्टूबर की शाम 6 बजे करीब बाइक पर सवार होकर अपने साथी रामू पुत्र रघुवीर निवासी गांव खुर्रमपुर जनपद कासगंज के साथ सिकंदराराऊ से अपने गांव जा रहा था। जैसे ही बाइक सवार गांव कटाई में स्थित नहर के निकट पहुंचे। तभी तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर चालक सुदामा पुत्र पप्पू निवासी गांव बपण्ड़ई थाना हसायन ने तेजी व लापरवाही से ट्रैक्टर को चलाते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी । हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल सत्यपाल का उपचार दिल्ली में एक अस्पताल में जारी है। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश में जुट गई है।











