
हाथरस-26 जनवरी। आज पूरा देश गणतंत्र दिवस का पर्व भारी श्रद्धा व देशभक्ति के साथ मना रहा है।वहीं शहर के मौहल्ला लाला का नगला में बच्चों के बीच हुए विवाद के बाद दो पक्षों में पथराव हो गया। जिससे पूरे क्षेत्र में भारी अफरा तफरी मच गई और घटना की सूचना पाकर मौके पर तत्काल कोतवाली पुलिस भारी दलबल के साथ पहुंच गई।

बताया जाता है कोतवाली सदर के मौहल्ला लाला का नगला में आज सुबह बच्चों के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जहां विवाद हो गया। वहीं विवाद में जमकर पथराव हो गया। दोनों ओर से जमकर ईंट-पत्थर फेंके गए। दोनों पक्षों ने अपने घरों की छतों से एक-दूसरे पर पत्थर बरसाए। जिससे इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। कुछ घरों को भी इस पथराव में निशाना बनाया गया।
घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली निरीक्षक सत्येंद्र सिंह राघव पुलिस बल मौके के साथ मौके पर पहुंच गये। लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही पथराव करने वाले लोग वहां से फरार हो गए। पुलिस ने वहां पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और कुछ लोगों से पूछताछ भी की। इस पथराव का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस अब पथराव करने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है।









