सिकंदराराऊ। कासगंज रोड स्थित एक गांव में एक युवक ने घर में सो रही महिला को बुरी नीयत से दबोच लिया और छेड़छाड़ करने लगा। महिला ने विरोध किया तो आरोपी मारपीट कर भाग गया । घटना की शिकायत करने पर आरोपी के भाई एवं पिता ने उससे गाली – गलौज की। पीड़िता ने कोतवाली में तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है ।
गांव निवासी पीड़िता महिला ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह 14 सितंबर की रात्रि 10:30 बजे करीब अपने घर के आंगन में सो रही थी। तभी उनका पड़ोसी अनिल कुमार पुत्र विजय पाल छत के रास्ते घर में घुस गया और उसे बुरी नीयत से दबोच लिया। आरोपी महिला के साथ छेड़खानी करने लगा । महिला ने विरोध किया तो आरोपी मारपीट कर भाग गया। जब उसने आरोपी का पीछा किया तो छत पर आरोपी का छोटा भाई भीमरत्न भी मौजूद था। पीड़िता ने यह भी उल्लेख किया है कि आरोपी अनिल के फोन में उसके प्राइवेट फोटो हैं। जिसके कारण वह पहले भी उसे ब्लैक मेल कर चुका है। पीड़िता ने जब मामले की शिकायत आरोपी के पिता विजय पाल से की तो वह उससे गाली गलौज करने लगा। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है ।











