बुधवार दोपहर सासनी क्षेत्र में हाईवे पर रोडवेज बस की चपेट में आने से घायल हुए रिक्शा चालक की अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार गांव बिजाहरी निवासी सुरेश पुत्र लालाराम (52) बुधवार दोपहर रिक्शा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर रोडवेज बस की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुरेश को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सासनी पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अलीगढ़ के लिए रेफर कर दिया। परिजन उन्हें अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान सुरेश ने दम तोड़ दिया। परिजनों में कोहराम मच गया। ई-रिक्शा चालक की मौत से परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है। उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। हादसे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी है।











