सिकंदराराऊ। एटा रोड स्थित गांव मुगलगढ़ी में पीडब्ल्यूडी द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा मानक के विपरीत निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मानक के विपरीत नाला निर्माण सरकारी धन की बर्बादी और जन सुरक्षा के लिए एक गंभीर खतरा है।
ग्रामीणों ने ठेकेदार पर अपनी मर्जी से नाले का निर्माण कराए जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार को प्रदर्शन किया। इस दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से निर्माण कार्य में प्रयोग की जा रही सामग्री की गहनता से पड़ताल कराने की मांग की है।
बतादें कि गांव मुगलगढ़ी में बरसात के दौरान जल निकासी न होने के कारण जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती थी। जिसके चलते पीडब्ल्यूडी द्वारा नाले का निर्माण कराया जा रहा है। ठेकदार नाला निर्माण में अपनी मर्जी से कार्य करा रहा है। जिससे ग्रामीणों में सोमवार को आक्रोश पनप गया ।
ग्रामीणों ने नाला निर्माण में घटिया सामग्री एवं पीला ईंट का उपयोग करने का विरोध कर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि ठेकेदार नाला निर्माण में पीला ईंट एवं घटिया सीमेंट आदि का उपयोग किया जा रहा है। जिससे नाला जल्द ही बेकार हो जाएगा। कुल मिलाकर ठेकेदार द्वारा सरकारी धन की पूर्ण रूप से बर्बादी की जा रही है । ठेकेदार द्वारा तय नियमों और गुणवक्ता की अनदेखी की जा रही है।












