हाथरस। ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक 115 वे राजकीय लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव की तैयारी जिला प्रशासन द्वारा जहां तेजी से शुरू कर दी गई है, वहीं मेला में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों के संयोजकों की घोषणा भी शीघ्र ही आज या कल में मेला प्रशासन द्वारा की जा सकती है। वही सभी की नजरें मेला के मुख्य आकर्षण एवं श्री दाऊजी महाराज के प्रिय खेल अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल पर टिकी हुई है। लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव की जिलाधिकारी अतुल वत्स के नेतृत्व में तैयारियां शुरू हो गई है।
वहीं जिलाधिकारी मेला की व्यवस्थाओं व तैयारी को लेकर गंभीर हैं और अधिकारियों को लगातार निर्देशित कर नजर रख रहे हैं।। उल्लेखनीय है कि ब्रज के प्रसिद्ध व ऐतिहासिक लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव का आगाज गणेश चतुर्थी से होता है। जबकि मेला का विधिवत उद्घाटन बृज के राजा श्री दाऊजी महाराज के जन्मोत्सव बलदेव छठ से होता है और श्री दाऊजी महाराज मेला महोत्सव में मेला पंडाल एवं मेला शिविर में जहां विभिन्न सांस्कृतिक, सामाजिक, धार्मिक, साहित्यिक, मनोरंजन आदि आयोजनों के साथ-साथ मेला के मुख्य आकर्षण अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का भी आयोजन होता है, जिसमें हर वर्ष देश के ही नहीं बल्कि विदेश के भी पहलवानों द्वारा अपनी मल्ल विद्या का जौहर दिखाते हुए दंगल प्रेमी जनता का रोमांच से भरपूर एक से बढ़कर एक कुश्ती दिखाकर मनोरंजन किया जाता है।। लक्खी मेला श्री दाऊजी महाराज महोत्सव में इस वर्ष आयोजित होने वाले अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल सहित अन्य विभिन्न कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग लोगों द्वारा एक से बढ़कर एक कार्यक्रम कराए जाने हेतु जिला प्रशासन को अपने-अपने आवेदन दिए गए हैं और उन आवेदनों पर जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम संयोजक तय कर उनकी घोषणा की जानी है और संभावना जताई जा रही है कि मेला प्रशासन द्वारा शीघ्र ही कार्यक्रमों के संयोजकों की घोषणा आज या कल में की जा सकती है।









