हाथरस। थाना हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित कुम्हारों वाले मौहल्ले की वीडीओ गली में आज दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आयी है। अज्ञात चोर बंद मकान को अपना निशाना बनाकर लाखों रुपए कीमत के जेबरात आदि चोरी कर ले गए। मौके पर मिले एक संदिग्ध विभाग को पड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
बताया जाता है थाना हाथरस जंक्शन थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित कुम्हारों वाले मौहल्ले की वीडीओ गली में आज दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देते हुए चोरों ने महीपाल सिंह जादौन के बंद मकान को निशाना बनाया है और सोने चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। परिवार के अचानक लौटने पर एक संदिग्ध युवक मकान के अंदर छिपा मिला, जिसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया गया।परिवार के सदस्य आज मंदिर में पूजा करने गए थे। मकान खाली देखकर चोर अंदर घुस गए और आलमारी का ताला तोड़ दिया। जब परिवार पूजा के बाद घर लौटा, तो उन्होंने कमरों में सामान बिखरा हुआ और आलमारी का ताला टूटा हुआ पाया।
बताया जाता है परिवार के सदस्यों ने मकान में तलाश शुरू की, तो एक संदिग्ध युवक अंदर छिपा हुआ मिला। परिजनों ने आसपास के लोगों की मदद से उसे मौके पर ही पकड़ लिया। दावा किया गया है कि उसके पास से चोरी का सामान भी बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और युवक को हिरासत में लेकर थाने ले गई।दिनदहाड़े चोरी और आरोपी के मकान के अंदर ही पकड़े जाने की खबर फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वह अकेला था या इस वारदात में कोई और भी शामिल था।
घटना को लेकर थाना हाथरस जंक्शन के एसएसआई राजेश सरोज ने बताया कि इस मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जा रही है। चोरी हुए सामान की कुल कीमत और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।









