राष्ट्रगान के सम्मान व संवैधानिक पद की गरिमा को लेकर कांग्रेस ने उठाई निष्पक्ष जांच की मांग

हाथरस। उन्नाव में उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना से संबंधित एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कथित तौर पर राष्ट्रगान के दौरान उनके कार्यक्रम स्थल से चले जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। इस घटनाक्रम को लेकर राष्ट्रगान के सम्मान एवं एक संवैधानिक पद की गरिमा से जुड़े गंभीर प्रश्न उठ रहे हैं।।

इसी मामले को लेकर आज कैंप कार्यालय से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कोतवाली सदर पहुँचकर एक प्रतिनिधिमंडल के रूप में पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा तथा रिर्पोट दर्ज कर निष्पक्ष जांच की मांग की।जिला कांग्रेस अध्यक्ष पं.विवेक उपाध्याय ने कहा कि राष्ट्रगान किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि देश के सम्मान, स्वाभिमान और गौरव का प्रतीक है। इसलिए इस मामले में राजनीति से ऊपर उठकर निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल के उपलब्ध सीसीटीवी एवं अन्य वीडियो फुटेज को सुरक्षित कर जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के आयोजकों, प्रत्यक्षदर्शियों एवं संबंधित अधिकारियों के बयान दर्ज किए जाएं और राष्ट्रगान के दौरान वास्तव में क्या घटनाक्रम हुआ, इसकी सच्चाई सामने लाई जाए। यदि जांच में किसी कानून या नियम का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विधिसम्मत कार्यवाही की जानी चाहिए।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष पं.विवेक उपाध्याय ने कहा कि हमारी मांग किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ राजनीतिक दुर्भावना से कार्यवाही की नहीं, बल्कि निष्पक्ष जांच और कानून के अनुसार कार्यवाही की है। राष्ट्रगान का सम्मान पूरे देश का सम्मान है और संवैधानिक पद की गरिमा की रक्षा करना सभी की जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर पं. विवेक उपाध्याय जिलाध्यक्ष कांग्रेस, योगेश कुमार शहर अध्यक्ष कांग्रेस,अवधेश बख्शी कॉर्डिनेटर मैनपुरी,अजीत गोस्वामी पूर्व राष्ट्रीय सचिव किसान कांग्रेस, कपिल सिंह जिला महासचिव, संजीव अंधीवाल वरिष्ठ कांग्रेसी,सत्यप्रकाश रंगीला, श्रीकृष्ण एडवोकेट जिला महासचिव, गोविंद चतुर्वेदी जिला सचिव,प्रभाशंकर शर्मा, जिला महासचिव अब्बास हुसैन सहित कांग्रेस के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment