घर से प्रतिदिन की भांति टहलने को गए थे रास्ते में पड़ा दौरा, पानी में डूबकर हुई मौत
सिकंदराराऊ । कोतवाली क्षेत्र के गांव कपसिया निवासी एक वृद्ध की गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। वृद्ध की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
बताया जाता है कि गांव कपसिया निवासी सत्यप्रकाश पुत्र प्रभु कठेरिया मिर्गी की बीमारी से ग्रस्ति थे। वह गुरुवार की सुबह रोज की भांति गांव मानिकपुर की ओर टहलने को गए थे । तभी रास्ते में उन्हें मिर्गी का दौरा पड़ गया और वह सड़क किनारे स्थित एक गहरे गड्ढे में गिर गए। जिससे पानी में डूबने से उनकी मौत हो गई। जब वह काफी देर तक घर नहीं लौटे तो परिजनों को उनकी चिंता हुई। परिजनों ने उनकी तलाश शुरू कर दी। परिजनों ने अन्य ग्रामीणों के साथ मिलकर रास्ते के किनारे गहनता से उनकी खोजबीन की। तलाश के दौरान गांव मानिकपुर में सड़क किनारे एक गड्ढे में सत्यप्रकाश के पैर का कुछ हिस्सा दिखाई दिया। परिजनों ने जब तक उन्हें पानी से बाहर निकाला, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। वृद्ध की मौत से परिजनों में हाहाकर मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। देर रात्रि को परिजनों ने गमगीन माहौल में मृतक के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वृद्ध की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।









