जहर खुरान अचेतकर नगदी व मोबाइल ले गए
सिकंदराराऊ। अलीगढ़ से मैनपुरी के लिए रोडवेज बस में बैठा युवक मंगलवार की रात्रि को जहरखुरानो का शिकार हो गया। जहरखुरानो ने उसे पानी में मिलाकर नशीला पदार्थ दे दिया। जहर खुरान युवक से 500 रुपए तथा उसका मोबाइल ले गए। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है ।
बताया जाता है कि अंबेडकर नगर मैनपुरी निवासी अरविंद कुमार पुत्र ओंकार उम्र 30 वर्ष मंगलवार की रात्रि दिल्ली से अलीगढ़ तक ट्रेन से आया था। इसके बाद अलीगढ़ के बोनेर से वह मैनपुरी के लिए रोडवेज बस में बैठ गया। रास्ते में उसके पास बैठे लोगों ने उससे पीने के लिए पानी मांगा तो उसने उन्हें अपनी बोतल दे दी। उन लोगों ने इसी दौरान बचे हुए पानी में नशीला पदार्थ मिला दिया। कुछ दूर जाने के बाद जैसे ही अरविंद ने पानी पिया थोड़ी देर में बेहोश होकर अपनी सीट पर लुढ़क गया। इस दौरान जहखुरानो ने उसकी जेब में रखे 500 रुपए तथा उसका मोबाइल ले लिया। रोडवेज बस के चालक परिचालक उसे अर्ध रात्रि में कोतवाली के निकट चौराहे पर डालकर चले गए। सुबह युवक को जब होश आया तब उसने कोतवाली पहुंचकर अपनी आप बीती बताई । कोतवाल शिवकुमार शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।









