सपनों को उड़ान, सुरक्षा का विश्वास—युवाओं से संवाद कर पुलिस अधीक्षक ने दिया जागरूकता और जिम्मेदारी का संदेश

हाथरस। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा द्वारा आकाश इंस्टीट्यूट का भ्रमण कर छात्र-छात्राओं एवं युवाओं से आत्मीय संवाद किया गया। इस दौरान उन्होंने युवाओं को महिला सुरक्षा, मिशन शक्ति अभियान एवं मिशन शक्ति केंद्र के संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए सुरक्षित एवं जागरूक समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया।


पुलिस अधीक्षक ने छात्र-छात्राओं को बताया कि प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से निरंतर जागरूकता एवं सुरक्षा संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। उन्होंने महिला सुरक्षा से संबंधित विभिन्न पुलिस हेल्पलाइन एवं आपातकालीन सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में घबराएं नहीं, तत्काल पुलिस की सहायता लें।संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने साइबर अपराध के प्रति भी युवाओं को विशेष रूप से जागरूक किया। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी, पिन,पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने, सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने तथा साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन अथवा संबंधित पुलिस माध्यम से शिकायत करने के संबंध में जानकारी दी।

इस अवसर पर छात्र-छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं पुलिस की विभिन्न सेवाओं से संबंधित जागरूकता पेम्पलेट्स भी वितरित किए गए, ताकि महत्वपूर्ण सुरक्षा संबंधी जानकारी अधिक से अधिक युवाओं एवं उनके परिवारों तक पहुंच सके।
पुलिस अधीक्षक ने युवाओं से उनके करियर एवं भविष्य की योजनाओं के बारे में भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच आवश्यक है। युवाओं को नशे एवं गलत संगति से दूर रहने, सोशल मीडिया का सदुपयोग करने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, कौशल विकास और समाजहित के कार्यों में लगाने के लिए प्रेरित किया गया।उन्होंने कहा कि भविष्य का निर्माण केवल अच्छी नौकरी या पद प्राप्त करने से नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनने से होता है। समाज में रहकर जरूरतमंदों की सहायता करना, महिलाओं एवं बुजुर्गों का सम्मान करना, कानून का पालन करना और दूसरों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशील रहना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।


पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा—सपनों को हकीकत में बदलना है तो मेहनत को अपना साथी बनाना होगा,खुद भी आगे बढ़ना है और समाज को भी आगे बढ़ाना होगा।उन्होंने छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने लक्ष्य को निर्धारित कर निरंतर प्रयास करें तथा अपने उज्ज्वल भविष्य के साथ-साथ सुरक्षित, सशक्त, जागरूक एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक रामानंद कुशवाहा, क्षेत्राधिकारी नगर हिमांशु माथुर एवं महिला थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment