योजनाओं का लाभ पात्रों तक पहुंचाने के निर्देश : एक जनपद एक व्यंजन योजना में हाथरस की प्रसिद्ध रबड़ी स्टॉल का किया निरीक्षण
हाथरस-1 अगस्त। तहसील सासनी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ श्रीमती संगीता सिंह के आगमन पर पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी। इसके उपरांत मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का अवलोकन किया।

निरीक्षण व अवलोकन के दौरान मंडलायुक्त ने उद्योग विभाग द्वारा एक जनपद एक व्यंजन योजना के अंतर्गत लगाए गए हाथरस की प्रसिद्ध रबड़ी के स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि रबड़ी शीघ्र खराब होने वाला उत्पाद है, इसलिए इसकी गुणवत्ता बनाए रखने एवं व्यापक स्तर पर विपणन सुनिश्चित करने के लिए बेहतर पैकेजिंग की व्यवस्था की जाए, जिससे इसकी शेल्फ लाइफ बढ़ाई जा सके और इसे अधिक से अधिक बाजार उपलब्ध हो सके। इसके पश्चात उन्होंने समाज कल्याण विभाग/महिला कल्याण विभाग के वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन एवं निराश्रित महिला (विधवा) पेंशन सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील समाधान दिवस में आने वाले पात्र व्यक्तियों का मौके पर ही योजनाओं में पंजीकरण कराते हुए उन्हें अधिक से अधिक लाभान्वित किया जाए।

इसी क्रम में मंडलायुक्त ने महिला एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल का भी अवलोकन किया। यहां आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों द्वारा मिलेट्स (श्री अन्न) से तैयार विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया।
मंडलायुक्त ने व्यंजनों का स्वाद चखा तथा इनके पोषण संबंधी महत्व की सराहना की। साथ ही उन्होंने सैम तथा मैम बच्चों का चिन्हीकरण कर उनकी माताओं को बच्चों का डाइट प्लान तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। इस मौके पर मंडलायुक्त ने गर्भवती महिला की गोदभराई कर पोषण डलिया तथा शिशुओं को अन्नप्राशन कराया और आयरन की कमी की पूर्ति हेतु महिलाओं को पोषण डलिया तथा लोहे की कड़ाई भेंट की। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने एनीमिया से ग्रसित मरीजों को लगाए जा रहे आयरन सुक्रोज इंजेक्शन के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर मंडलायुक्त अलीगढ़ मंडल ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के साथ मोबाइल मेडिकल यूनिट का अवलोकन किया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अवगत कराया कि महान मिल्क फूड्स प्रा.लि.द्वारा सीएसआर के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग को समर्पित यह मोबाइल मेडिकल यूनिट जनपद के गांव-गांव जाकर लोगों की एनीमिया (खून की कमी) की जांच करेगी। जांच के दौरान जिन व्यक्तियों में हीमोग्लोबिन की कमी पाई जाएगी, उन्हें चिन्हित कर चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार आयरन सुक्रोज की डोज उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे एनीमिया की रोकथाम एवं उपचार में प्रभावी सहायता मिल सके। इस मौके पर संबंधित विभागीय अधिकारी आदि उपस्थित थे।












