हाथरस।गुरु पूर्णिमा के पावन एवं पवित्र पर्व पर न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति के तत्वावधान में नगला भुस आगरा रोड स्थित वृद्ध आश्रम में प्रेरणादायी धार्मिक एवं सामाजिक सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने आश्रम में निवास कर रहे सभी वृद्धजनों का चंदन का तिलक लगाकर तथा सम्मान स्वरूप पटका पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस आत्मीय सम्मान से सभी बुजुर्गों के चेहरे प्रसन्नता और आत्मिक संतोष से खिल उठे।

कार्यक्रम का शुभारंभ आश्रम परिसर स्थित मंदिर में भगवान के समक्ष माल्यार्पण, दीप प्रज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। इसके पश्चात समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने सभी वृद्धजनों के चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। बुजुर्गों के स्नेह, आशीर्वाद और आत्मीय शब्दों ने पूरे वातावरण को भावुक, पवित्र और ऊर्जा से भर दिया।इसके उपरांत समिति द्वारा सभी वृद्धजनों के लिए दोपहर के भोजन एवं महाप्रसाद की व्यवस्था की गई। सभी ने प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण किया तथा समिति के इस सेवा भाव की मुक्त कंठ से सराहना की।
समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक पौरुष ने कहा कि गुरु पूर्णिमा केवल गुरु वंदन का पर्व नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और सम्मान का संदेश देने वाला महान अवसर है। वृद्धजनों की सेवा करना भारतीय संस्कृति की अमूल्य परंपरा है और समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व भी है।वृद्ध आश्रम की ओर से प्रबंधक नीतू मिश्रा, भंडार प्रभारी कोमल सिंह, सुरक्षाकर्मी प्रद्युम्न, रसोइया सनी एवं अन्य सहयोगियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की और समिति के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर आयोजित करने की आशा व्यक्त की।
यह आयोजन केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं था, बल्कि समाज में सेवा, संस्कार, सम्मान और मानवीय मूल्यों को सुदृढ़ करने का एक प्रेरणादायी संदेश भी था। न्यू राधा कृष्ण सेवा समिति द्वारा किया गया यह सेवा कार्य समाज के लिए एक अनुकरणीय उदाहरण बनकर उभरा है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय सलाहकार धीरज पाण्डेय, जिलाध्यक्ष रन सिंह सिसोदिया, जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार, जिला संरक्षक एवं आरबीएस पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर राजकुमार सिंह, जिला सचिव ओमवीर सिंह, पवन कुमार, मोहन लाल दुबे, नीरज कुशवाहा, दीपक पाण्डेय, सुनील कुमार, ए.के. शर्मा एड़ सहित समिति के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।












