विद्युत कर्मचारियों का लखनऊ में आंदोलन समर्थन में सासनी के बिजली संविदा कर्मी धरने पर

उत्तर प्रदेश पावर कारपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ, लखनऊ प्रदेश कार्यकारिणी के तत्वावधान में शक्ति भवन, लखनऊ में चल रहे प्रदेशव्यापी धरना-प्रदर्शन के समर्थन में उत्तर प्रदेश पावर काॅरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ, हाथरस के बैनर तले उपखंड सासनी के सभी बिजली संविदा कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर धरना-प्रदर्शन किया।
गुरुवार की दोपहर लगभग बारह बजे धरने के दौरान कर्मचारियों ने हाथों में तख्तियां लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारे लगाए और सरकार तथा विभागीय अधिकारियों से जल्द समाधान की मांग की। कर्मचारियों का कहना था कि लंबे समय से संविदा और निविदा कर्मचारियों की विभिन्न समस्याएं लंबित हैं, लेकिन अब तक उनका कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। वक्ताओं ने कहा कि संविदा कर्मचारी विषम परिस्थितियों में दिन-रात कार्य कर उपभोक्ताओं को निर्बाध विद्युत आपूर्ति उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं, सुरक्षा उपकरण और सेवा संबंधी अधिकार नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर करने, सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने, दुर्घटना बीमा, ईपीएफ एवं ईएसआई सहित अन्य लंबित मांगों को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरना-प्रदर्शन में उपखंड सासनी के सभी बिजली संविदा कर्मचारी एवं संघ के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर प्रदेश नेतृत्व के संघर्ष को समर्थन देने का संकल्प दोहराया। धरना प्रदर्शन के दौरान योगेन्द्र सिंह, भानु प्रताप सिंह, यतेन्द्र शर्मा, अजीत सिंह, डालचंद वर्मा, बानी सिंह, कौशल शर्मा, सोनवीर सिंह, प्रमोद, विष्णु, धर्मेंद्र आदि कर्मचारी मौजूद रहे।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment