
सासनी-19 जनवरी। कस्बा में प्रसिद्ध ब्रांडों के नाम पर नकली उत्पाद बेचने की शिकायत मिलने पर रेकिट बेंकाइजर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधियों और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा कार्यवाही की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कॉपीराइट एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार आज कंपनी के जांचकर्ता राहुल चंदेलिया को कस्बा के मौहल्ला ब्राह्मणपुरी में नकली सामान बेचे जाने की सूचना मिली थी। इस सूचना को चंदेलिया ने गंभीरता से लिया और कंपनी की लीगल टीम के साथ सासनी पहुंचकर कोतवाली पुलिस का सहयोग लेते हुए प्रदीप कुमार पुत्र कालीचरण के दुकान और गोदाम पर छापेमारी की। जहां तलाशी के दौरान भारी मात्रा में नकली सामान बरामद किए गए। जिनमें हार्पिक की एक लीटर वाली 16 बोतलें, पांच सौ मिली. वाली 98 बोतलें और 2सौ मिली. वाली 92 बोतलें शामिल थीं। इसके साथ ही लाइजोल (लिजौल) की पांच सौ मिली.वाली 39 बोतलें भी मौके से मिलीं। कंपनी के प्रतिनिधियों ने मौके पर ही बरामद माल का मिलान असली उत्पादों से किया, जिसमें पाया गया कि ये सभी उत्पाद पूरी तरह नकली थे, जो असली ब्रांड के नाम का गलत इस्तेमाल कर जनता को धोखा दिया जा रहा था।। पुलिस ने उक्त बरामद माल को जब्त कर नमूने लेकर सील कर दिए हैं। वहीं सासनी कोतवाली प्रभारी अवधेश कुमार का कहना है कि मामले में जांच पड़ताल जारी है और फिलहाल माल जब्त कर लिया है।









