हाथरस। दहेज की मांग पूरी न होने पर प्रताड़ित किए जाने के मामले को लेकर एक पिता द्वारा न्यायालय के आदेश पर थाना हाथरस गेट में मुकदमा दर्ज कराया गया है और पिता ने अपनी बेटी वर्षा के ससुरालियों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उसकी हत्या या गायब करने का आरोप लगाया है।
न्यायालय के आदेश पर थाना हाथरस गेट में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए रनवीर सिंह ने कहा है कि उनकी बेटी वर्षा की शादी 29 अप्रैल 2025 को पवन पुत्र महेशचंद्र निवासी नयाबांस अहवरनपुर थाना हाथरस गेट के साथ हुई थी। शादी में लगभग 5 लाख रुपये खर्च किए गए थे, जिसमें सोने-चांदी के जेवर और घर-गृहस्थी का सामान शामिल था।आरोप है कि वर्षा के ससुराल वाले जिनमें पति पवन कुमार, देवर रूपेश, सास उर्मिला देवी और मौसी सास निर्मला देवी शामिल हैं, इस शादी से खुश नहीं थे। वे वर्षा से अतिरिक्त दहेज में एक मोटरसाइकिल की मांग करने लगे और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।वर्षा ने जब अपने पिता को इसकी शिकायत की, तो रनवीर अपने बेटे सुनील के साथ बेटी की ससुराल गए। उन्होंने ससुरालियों को समझाया और वर्षा को अपने साथ घर ले आए। कुछ दिनों बाद, रनवीर ने अपनी बेटी को पवन कुमार के साथ राजी-खुशी विदा कर दिया।
रिपोर्ट में कहा गया है कि इसके बाद 13 मार्च को शाम के समय वर्षा ने अपने मोबाइल से पिता को फोन किया। उसने बताया कि उसके ससुराल वाले उसे अतिरिक्त दहेज के लिए परेशान कर रहे हैं और उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। रनवीर ने अपनी बेटी से कहा कि वह उसके भाई भोला को भेज देंगे। अगले दिन 14 मार्च को सुबह 10:30 बजे पवन कुमार के मोबाइल से उसकी मां ने रनवीर को फोन किया और बताया कि उनकी लड़की नहीं मिल रही है।रनवीर को संदेह है कि उनकी बेटी वर्षा को ससुरालियों ने कहीं गायब कर दिया है या उसकी हत्या कर शव को कहीं फेंक दिया है। पुलिस ने इस मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है।









