
हाथरस-19 जनवरी। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के रमनपुर स्थित सियाराम कॉलोनी में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया है। मृतका के मायके पक्ष ने दहेज की मांग पूरी न होने पर हत्या का आरोप लगाया है।।
बताया जाता है थाना हाथरस गेट क्षेत्र के मौहल्ला रमनपुर स्थित सियाराम कालौनी निवासी आबिद की शादी दो साल पहले आगरा के कस्बा पिनाहट निवासी 25 वर्षीय अफसाना से हुई थी। आबिद फल आदि बेचने का काम करता है। मृतका के अभी कोई बच्चा भी नहीं था। अफसाना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से भारी सनसनी फैल गई और अफसाना की मौत की खबर मिलने पर आज उसके मायके पक्ष के लोग आगरा से हाथरस पहुंच गये।।
मृतका के भाई शाहिद ने आरोप लगाया कि उसकी बहन को पति और अन्य ससुराल वाले दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित करते थे। कई बार उसके साथ मारपीट भी की गई। भाई का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर उसकी बहन की हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल कर रही है।









