सहपऊ। कस्बा में कोतवाली के ठीक सामने स्थित केनरा बैंक शाखा में बुधवार रात अज्ञात चोरों ने चोरी का दुस्साहसिक प्रयास किया। चोर बैंक की छत के रास्ते अंदर पहुंचे और दीवार काटकर नकदी तक पहुंचने की कोशिश की, लेकिन वे अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके।
बताया जाता है आज सुबह बैंक कर्मचारी जब शाखा पहुंचे तो दीवार में बड़ी सेंध लगी देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना तत्काल पुलिस और बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और बैंक परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर तिजोरी तक नहीं पहुंच सके, जिससे बड़ी आर्थिक क्षति टल गई। पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही आसपास के मार्गों पर लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके। पुलिस का कहना है कि घटना का जल्द खुलासा करने के लिए कई टीमों को लगाया गया है।









