प्रेम प्रसंग के चलते प्रेमी युगल ने खाया विषाक्त: युवक की मौत

सहपऊ। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में प्रेम प्रसंग के चलते तीन दिन पहले एक युवक और उसकी शादीशुदा प्रेमिका ने विषाक्त पदार्थ खा लिया और इस घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि प्रेमिका की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज आगरा के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम हेतु भिजवाया है।
बताते हैं परिजनों की रोक-टोक से परेशान होकर दोनों ने यह कदम उठाया। क्षेत्र के गांव रुदायल निवासी करीब 23 वर्षीय युवक रतन पुत्र पप्पू अविवाहित था और मजदूरी करता था। उसके एक विवाहित महिला से प्रेम संबंध थे, जिसके दो बच्चे भी हैं और महिला की उम्र 25 वर्ष है।महिला के पति और अन्य परिजनों को जब इस रिश्ते का पता चला, तो उन्होंने दोनों पर मिलने-जुलने और बात करने पर पाबंदियां लगानी शुरू कर दीं। महिला का पति भी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता है।
बताते हैं परिजनों की लगातार रोक-टोक से परेशान होकर प्रेमी युगल ने 20 जुलाई को फोन पर बात करने के बाद विषाक्त पदार्थ खा लिया। तबीयत बिगड़ने पर युवक रतन को परिजन एक निजी अस्पताल ले गए। इलाज के दौरान करीब तीन दिन बाद आज सुबह लगभग 9 बजे रतन की मौत हो गई।वहीं, महिला के परिजनों ने महिला को आगरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। इस संबंध में अभी तक पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment