हाथरस। शहर में बढ़ते स्थाई व अस्थाई अतिक्रमणों पर अंकुश लगाए जाने के लिए प्रशासन के निर्देशन में नगर पालिका प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जा रहा है और आज जिलाधिकारी अतुल वत्स के निर्देश पर जिला प्रशासन ने पालिका के साथ शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए व्यापक अभियान चलाया गया। अभियान से अतिक्रमण करने वालों में खलबली मच गई।
एसडीएम सदर राजबहादुर सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका परिषद, राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध कब्जों को हटाया गया।अभियान के दौरान घास की मंडी, बस स्टैंड, आगरा रोड सहित कई प्रमुख बाजारों और सार्वजनिक स्थलों से सड़क एवं फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण हटाए गए।इस दौरान अस्थायी दुकानों, अवैध निर्माण और सड़क पर रखे सामान को हटाने के साथ कई लोगों के खिलाफ चालानी कार्यवाही भी की गई। कार्यवाही के दौरान कुछ स्थानों पर लोगों ने विरोध जताने का प्रयास किया, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के चलते अभियान शांतिपूर्वक चलाया गया।
इस दौरान एसडीएम सदर ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन ने नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग करने की अपील भी की है।









