भीमसेना प्रमुख सतपाल तंवर के ऐलान से देश भर में हाई अलर्ट
जंतर-मंतर: छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में देशव्यापी भारत बंद बुलाया गया
नई दिल्ली/ गुरुग्राम। दिल्ली में निर्दोषों और निहत्थे लोगों पर हुई कथित बर्बरता और प्रशासनिक कार्रवाई के विरोध में भीम सेना और संविधान सुरक्षा पार्टी (एसएसपी) ने संयुक्त रूप से आर-पार की लड़ाई का बिगुल फूंक दिया है। नवाब सतपाल तंवर की इस हुंकार से केंद्र भाजपा सरकार की चिंताएं बढ़ गई हैं। तंवर ने देश के छात्रों, युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों और समस्त भारतीयों का आह्वान करके देश भर में भारत बंद को समर्थन करने की अपील की है।
भीम सेना के प्रमुख एवं संविधान सुरक्षा पार्टी -एसएसपी सुप्रीमो नवाब सतपाल तंवर ने आगामी 27 जुलाई को पूर्ण ‘भारत बंद’ का आह्वान किया है।
तंवर का कहना है कि यह बंद दिल्ली में बेकसूर लोगों पर हुए अत्याचार, मानवाधिकारों के हनन, असंवैधानिक रवैये और देश में भ्रष्टाचार, शिक्षा के बाजारीकरण के खिलाफ एक राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन होगा।
‘लोकतंत्र पर हमला बर्दाश्त नहीं’
वीडियो बयान जारी करते हुए नवाब सतपाल तंवर ने केंद्र और दिल्ली प्रशासन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “दिल्ली में जिस तरह से निर्दोष और निहत्थे लोगों पर बर्बरता की गई है, वह लोकतंत्र और संविधान की आत्मा पर सीधा हमला है। सरकार की इस तानाशाही के खिलाफ खामोश बैठना जुल्म को बढ़ावा देना है। भीम सेना और संविधान सुरक्षा पार्टी इस अन्याय के खिलाफ देश की सड़कों पर उतरेगी।”
देशभर के संगठनों से समर्थन की अपील
भीम सेना और संविधान सुरक्षा पार्टी ने इस 27 जुलाई के ‘भारत बंद’ को सफल बनाने के लिए देश के विभिन्न सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों, मजदूर संघों, छात्र संगठनों और मानवाधिकार कार्यकर्ताओं से एकजुट होने की अपील की है।
सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर
27 जुलाई को भारत बंद के ऐलान के बाद से ही राजधानी दिल्ली समेत देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। भीम सेना और एसएसपी ने समर्थकों से अपील की है कि वे शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराएं और सड़कों पर उतरकर देशव्यापी बंद को ऐतिहासिक बनाएं।









