हाथरस। शहर के मिठाई व्यापारी एवं हन्नो लाला रबड़ी वाले के संचालक कृष्णा वार्ष्णेय ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना-पत्र देकर तीन लोगों पर व्यवसायिक रंजिश के चलते अवैध धन उगाही मांगने, जान से मारने की धमकी देने, मानसिक प्रताड़ना करने तथा गोदाम पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। व्यापारी ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्यवाही और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।
शहर के मालिन गली निवासी कृष्णा वार्ष्णेय ने पुलिस अधीक्षक को दिए प्रार्थना-पत्र में आरोप लगाते हुए कहा है कि उनकी शहर में हन्नो लाला रबड़ी वाले नाम से मिठाई की दुकान संचालित है, जबकि उनका गोदाम डिब्बा गली, नयागंज में स्थित है। उनका आरोप है कि पिछले लगभग एक वर्ष से नामजद लोग व्यवसायिक रंजिश के कारण उन्हें लगातार परेशान कर रहे हैं।।
शिकायत में आरोप लगाते हुए कहा गया है कि आरोपित उनके व्यापार को बंद कराने और गोदाम पर अवैध कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। साथ ही उनसे प्रति माह ₹50 हजार की चौथ देने की मांग की जा रही है। आरोप है कि रकम नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाती है और लगातार मानसिक दबाव बनाकर प्रताड़ित किया जा रहा है।व्यापारी का यह भी आरोप है कि एक आरोपी स्वयं को अधिवक्ता बताते हुए ऊंची पहुंच होने का दावा करता है और कार्यवाही न होने की बात कहकर भय का माहौल बनाता है।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज करने, कठोर वैधानिक कार्यवाही करने तथा परिवार की सुरक्षा के लिए पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराने की मांग की है।









