
सिकंदराराऊ । कस्बा के मोहल्ला मटकोटा में मंगलवार को 7-8 लोगों ने पथराव कर पिता पुत्र को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि हमलावर गल्ले में रखे 56 हजार रुपये लूटकर फरार हो गए। उक्त घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। पीड़ित ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है।
मोहल्ला मटकोटा निवासी सन्नी गोस्वामी पुत्र पुरुषोत्तम गोस्वामी ने दी तहरीर में कहा है कि वह मंगलवार दोपहर 12:50 बजे करीब अपनी मसाला दुकान पर बैठा हुआ था । इस दौरान 7-8 लोग लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उस पर तथा उसके पिता पर हमला कर दिया। इस हमले में पिता पुत्र घायल हो गए।हमलावरों ने बीच-बचाव करने आए लोगों पर पथराव भी किया। आरोपी घर में घुस गए और महिलाओं के साथ भी मारपीट की । आरोपियों ने दुकान का सामान बिखेर दिया और गल्ले में रखे 56 हजार रुपये लेकर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। घटना की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घायल पक्ष से जानकारी जुटाई। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।









