हाथरस। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने आरोप लगाया है कि वह अपने कार्यालय कक्ष में बैठकर शासकीय कार्यों का निपटारा कर रही थीं। इस दौरान आरोपी अचानक उनके कक्ष में दाखिल हो गया और आते ही बदतमीजी करने लगा।जिला समाज कल्याण अधिकारी ने एक व्यक्ति पर कार्यालय में घुसकर बदसलूकी और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। उनकी शिकायत पर मुरसान पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
थाना मुरसान में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए जिला समाज कल्याण अधिकारी सरिता ने आरोप लगाते हुए कहा है कि 16 जुलाई की दोपहर करीब 2:20 बजे वह अपने कार्यालय कक्ष में बैठकर शासकीय कार्यों का निपटारा कर रही थीं। इस दौरान रामवीर सिंह निवासी बांके बिहारी कॉलोनी अचानक उनके कक्ष में दाखिल हो गया और आते ही बदतमीजी करने लगा। उन्होंने कहा है कि रामवीर सिंह इस बात से नाराज था कि उन्होंने विभाग के सहायक विकास अधिकारी विशाल वर्मा से मकान खाली करने के लिए क्यों कहा। विशाल आरोपी के मकान में किराये पर रहते हैं।। रिपोर्ट में आरोप लगाते हुए कहा गया है कि आरोपी ने समाज कल्याण अधिकारी से कहा कि आप अपने कार्मिकों से पैर दबवाओ, लेकिन मेरे बारे में किसी से कुछ नहीं बोलोगी। आरोप है कि आरोपी ने मर्यादा की हदें पार करते हुए समाज कल्याण अधिकारी से कहा कि तुम खुदा नहीं हो, हमारे नौकर हो। इसके बाद उसने महिला अधिकारी को गालियां देनी शुरू कर दीं। समाज कल्याण अधिकारी का कहना है कि आरोपी ने रौब झाड़ते हुए कहा कि वह हाथरस में चार साल से जमी हैं, वह उनका स्थानांतरण कराके दिखाएगा। घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है।









