साइड में मोपेड खड़ी कर लघुशंका कर के वापस लौट रहा था युवक:प्रतिदिन रोडवेज बस के रंग में रंगी दौड़ती है डग्गेमार बसे
सिकंदराराऊ। एनएच 34 के एटा रोड स्थित गांव टोली के निकट रविवार को लघुशंका कर लौट रहे मोपेड सवार युवक को एक तेज रफ्तार डग्गेमार बस में रौंद दिया। हादसे में युवक की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद बस चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है तथा मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

बताया जाता जनपद अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव करहला निवासी रोहित कुमार पुत्र रामचंद्र 35 वर्ष जो कि पेशे से मोची है । एटा अपने बीमार रिश्तेदार को देखने गया था। वहां से वापस लौटते समय रविवार की तड़के 3 बजे करीब गांव टोली के समीप उसने अपनी मोपेड को साइड में खड़ी कर दी तथा लघुशंका करने लगा। लघुशंका करने के बाद वह साइड में खड़ा हुआ था तभी एटा की ओर से तेज गति से आ रही मैनपुरी, दिल्ली लिखी एक डग्गेमार बस ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई । घटना होते ही आते-जाते वाहन रुक गए तथा मौके पर भीड़ एकत्रित हो गई। मामले की सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बस को अपने कब्जे में ले लिया । जबकि घटना को अंजाम देकर बस चालक बस को मौके पर छोड़कर भाग जाने में सफल रहा। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। घटना की सूचना पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी । सूचना पाकर परिजनों में चीत्कार मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है ।
बतादें कि मैनपुरी से लेकर अलीगढ़ तक अनेक डग्गेमार बसें रोडवेज के रंग में रंग कर चल रही हैं । इस पर मैनपुरी डिपो लिखा हुआ था तथा सुपरफास्ट एक्सप्रेस लिखा हुआ था। क्षेत्र में 15 से ज्यादा डग्गेमार बसे धड़ल्ले से चल रहीं हैं । लेकिन इन बसो को कोई रोकने वाला नहीं है।












