सुलह-समझौते के आधार पर सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों का होगा निस्तारण: 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत

हाथरस। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर न्याय को सरल, सुलभ और सौहार्दपूर्ण तरीके से आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से समाधान समारोह-2026 के तहत देश भर में विशेष लोक अदालत अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के अंतर्गत सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का सुलह- समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा, जिनमें आपसी सहमति की संभावना है।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव अनु चौधरी ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश के निर्देशन में न्याय प्रणाली को अधिक प्रभावी एवं जनहितकारी बनाने के उद्देश्य से 21, 22 और 23 अगस्त को विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इसमें सर्वोच्च न्यायालय में लंबित ऐसे वादों को शामिल किया जाएगा, जिनका समाधान आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संभव है। उन्होंने बताया कि समाधान समारोह-2026 का उद्देश्य केवल मामलों का निस्तारण करना नहीं, बल्कि पक्षकारों के बीच आपसी संबंधों को बनाए रखते हुए त्वरित, सस्ता और सरल न्याय उपलब्ध कराना भी है। इस पहल से लोगों को वर्षों तक न्यायालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलेगी और समय व धन दोनों की बचत होगी। सुलह-समझौते के लिए पक्षकारों की प्री-बैठक जनपद न्यायालय में वैवाहिक विवाद के मामले हेतु गठित बैंच के अध्यक्ष, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय एवं सदस्यों द्वारा सर्वोच्च न्यायालय द्वारा प्रेषित अपील अवधेष बनाम स्टेट आॅफ यू.पी.एवं अन्य में पक्षकारों के मध्य सुलह-समझौते के वार्ता की गयी। इसके अलावा पक्षकार ऑनलाइन माध्यम से भी इस प्रक्रिया में शामिल होकर समझौते की कार्यवाही कर सकते हैं। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने इच्छुक पक्षकारों से अपील की है कि अधिक जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए प्राधिकरण के कार्यालय से संपर्क करें।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment