हाथरस। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज द्वारा आयोजित तीन दिवसीय उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी-टीईटी-2026) के आज अंतिम दिवस की लिखित परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अतुल वत्स ने पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के साथ विभिन्न परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सेठ फूलचन्द बागला (पी.जी.) कॉलेज तथा श्री अक्रूर इंटर कॉलेज का भ्रमण कर परीक्षा संचालन की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया तथा तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केन्द्रों पर बनाए गए स्ट्रांग रूम, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, सुरक्षा व्यवस्था एवं निगरानी तंत्र का विस्तार से अवलोकन किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से विभिन्न परीक्षा कक्षों में संचालित परीक्षा प्रक्रिया एवं परीक्षार्थियों की गतिविधियों की सतत निगरानी की। इसके उपरांत उन्होंने परीक्षा कक्षों का भी भ्रमण कर परीक्षा संचालन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्हें संतोषजनक पाया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परीक्षा की शुचिता एवं गोपनीयता बनाए रखने में किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा आयोग द्वारा जारी समस्त दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए।निरीक्षण के दौरान परीक्षा केन्द्रों पर तैनात संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।









