वाशिंग मशीन में छिपे सांप ने महिला और युवक को डंसा जिला अस्पताल में उपचार जारी

गांव रघनियां में वाशिंग मशीन में छिपे एक जहरीले सांप ने एक महिला और उसके पड़ोसी युवक को डस लिया। इसके बाद दोनों ने परिजनों की मदद से सांप को पीट-पीटकर मार डाला और इलाज के लिए मरे हुए सांप को भी अपने साथ जिला अस्पताल ले गए। अस्पताल में सांप को देखते ही स्वास्थ्य कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। चिकित्सकों ने दोनों घायलों का उपचार कर उन्हें निगरानी में भर्ती कर लिया।
शुक्रवार को मिली जानकारी के अनुसार गांव राघनियां निवासी करीब 42 वर्षीय श्वेता उपाध्याय, पत्नी ललित कुमार, के घर में रखी वाशिंग मशीन के अंदर एक जहरीला सांप छिपा हुआ था। कपड़े धोने के लिए जैसे ही वह वाशिंग मशीन के पास गई तो वहां सांप दिखाई देने पर उसने अपने पड़ोसी संत कुमार, पुत्र खजान सिंह, को मदद के लिए बुलाया। दोनों सांप को पकड़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी सांप ने पहले श्वेता उपाध्याय के पैर में डस लिया। इसके बाद जब संत कुमार ने सांप को काबू में करने की कोशिश की तो सांप ने उनके हाथ में भी काट लिया। सांप के डसते ही दोनों चीख पड़े, जिससे परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। परिजनों की मदद से सांप को पीट-पीटकर मार दिया गया। इसके बाद घायल महिला और युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। एहतियात के तौर पर परिजन मरे हुए सांप को भी अपने साथ अस्पताल ले गए, जिससे वहां मौजूद स्वास्थ्य कर्मियों में कुछ देर के लिए खबलबली मच गई। अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों का प्राथमिक उपचार करने के बाद उन्हें भर्ती कर लिया। बाद में स्वास्थ्य कर्मियों ने मरे हुए सांप को अस्पताल परिसर के पास नाले में फिंकवा दिया। फिलहाल दोनों घायलों की हालत चिकित्सकों की निगरानी में बताई जा रही है।

sunil sharma
Author: sunil sharma

REPORTER SASNI

Leave a Comment