हाथरस। कोतवाली सदर क्षेत्र के कोटा रोड स्थित नवरत्न कालौनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर नकदी और आभूषण चोरी कर ले गये । मकान मालिक परिवार सहित नैनीताल घूमने गया हुआ है। घटना की जानकारी पड़ोसियों द्घारा फोन पर दी गई। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे रिश्तेदारों ने कोतवाली सदर में तहरीर देकर कार्यवाही की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जाता है कोतवाली सदर पुलिस को दी गई तहरीर में राजेंद्र कुमार पुत्र भीकम सिंह निवासी नगला महेंद्र ढकपुरा रोड थाना हाथरस गेट ने कहा है कि गत 24 जून की सुबह उनकी रिश्तेदार भाभी चंद्रप्रभा पत्नी स्वर्गीय सुरेश चंद्र का फोन आया और उन्होंने बताया कि वह परिवार के साथ नैनीताल ट्रिप पर गई हुई हैं। इसी दौरान पड़ोसियों ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि नवरत्न कालौनी कोटा रोड के निकट स्थित उनके मकान में चोरी हो गई है।सूचना मिलने पर राजेंद्र कुमार तत्काल नवरत्न कालोनी पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि मकान के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी और उसके लॉकर भी टूटे हुए मिले। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार चोर घर में रखी नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर ले गए।
बताया जाता है मकान मालिक चंद्रप्रभा इस समय नैनीताल में हैं, इसलिए उनकी ओर से राजेंद्र कुमार ने कोतवाली सदर पुलिस को घटना की लिखित सूचना दी है। तहरीर में अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही की मांग की गई है। चोरी गए सामान और नुकसान का सही आकलन मकान मालिक के लौटने के बाद ही हो सकेगा।। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और अज्ञात चोरों की तलाश के लिए आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।












