मकर संक्रांति पर ब्रज कला केंद्र ने किया चाय का वितरण

हाथरस- 15 जनवरी। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्था ब्रज कला केंद्र के तत्वावधान में संस्था कार्यालय श्री राधाकृष्ण कृपा भवन के बाहर भीषण ठंड के बीच राहगीरों एवं जरूरतमंदों को गर्म चाय का वितरण किया गया। इस सेवा कार्य से वातावरण में मानवता, अपनत्व और सामाजिक सौहार्द का संदेश प्रसारित हुआ।

इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष चंद्रगुप्त विक्रमादित्य ने कहा कि मकर संक्रांति केवल पर्व नहीं, बल्कि सेवा, सद्भाव और सामाजिक एकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ठंड के इस कठिन समय में जरूरतमंदों को राहत पहुंचाना ही सच्ची पूजा है। समाज में संवेदना और सहयोग की भावना जीवित रखना हम सभी का दायित्व है। ब्रज कला केंद्र सदैव सांस्कृतिक गतिविधियों के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्य करता रहेगा। ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा और आपसी भाईचारा मजबूत होता है।

कार्यक्रम में आशु कवि अनिल बौहरे, हरिशंकर वर्मा, बीना गुप्ता एडवोकेट, पं.अविनाश चंद पचौरी, पं. ऋषि कुमार कौशिक, जयशंकर पाराशर, कपिल नरूला, संतोष उपाध्याय, पियूष अग्निहोत्री, हबीब खान, अनुज कुमार सहित अनेक नागरिक उपस्थित थे। सभी ने संस्था के इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय बताया।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment