पीड़िता ने पति एवं ससुरालीजनों पर लगाए गंभीर आरोप

सिकंदराराऊ । कस्बा के पंत चौराहे पर बुधवार को विवाहिता और उसके ससुराल पक्ष के बीच मारपीट हो गई। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को हिरासत में लिया और कोतवाली ले गई। पीड़िता ने पति और ससुराल पक्ष पर दहेज उत्पीड़न, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है।
जनपद अलीगढ़ के थाना अकराबाद क्षेत्र के गांव निवासी विवाहिता ने बताया कि क्षेत्र के गांव इकबालपुर निवासी एक युवक से उसकी शादीकरीब डेढ़ वर्ष हुई थी। शादी के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग उसे लगातार मारते-पीटते और गाली-गलौज कर प्रताड़ित करते है। पीड़िता का यह भी आरोप है कि उसका पति करीब दो माह से उसे छोड़कर अलग रह रहा है। वह पीड़िता और उनकी दो माह की बच्ची के भरण-पोषण का कोई खर्च नहीं दे रहा है। वर्तमान में विवाहिता अपने मायके में रहने को मजबूर है। विवाहिता ने आरोप लगाया है कि उसके पति के किसी अन्य महिला से अवैध संबंध हैं। वह उससे दूसरी शादी करने और उसे छोड़ देने की धमकी भी देता है ।बुधवार को यह मामला तब और बढ़ गया जब पीड़िता अपने भाई के साथ पंत चौराहे पर ससुराल पक्ष के लोगों के सामने आ गई। आरोप है कि पति और उसके साथ मौजूद कुछ लोगों ने पीड़िता और उसके भाई के साथ मारपीट की। इस घटना में पीड़िता के भाई को चोटें आईं और उसके कपड़े भी फट गए। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई । मामले की सूचना पुलिस को दी गई । सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले आई। पुलिस पीड़िता से पूछताछ करने के बाद मामले की जांच में जुट गई है।









