अस्थियां विसर्जन कर लौट रहे श्रद्धालुओं की ईको कार कुत्ते को बचाने के प्रयास में पलटी ,10 घायल ,रेफर

हरियाणा से मां की अस्थियां विसर्जन करने को गया था परिवार:नगला रति पर हुआ हादसा

सिकंदराराऊ । गंगाघाट सोरों जी से अस्थियां विसर्जन कर हरियाणा लौट रहे श्रद्धालुओं की ईको कार हाथरस रोड स्थित गांव नगला रति के पास मंगलवार को अचानक सड़क पर आए एक कुत्ते को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। कार के पलटते ही कार सवार श्रद्धालुओं की चीख पुकार मचाने लगी। मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। हादसे में कार सवार 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से कार से बाहर निकालकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हसायन पहुंचाया। जहां से हालत गंभीर होने पर सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बताया जाता है कि हरियाणा के नूंह जिले के गांव जिरका फिरोजपुर निवासी भीम सिंह अपने भाई अर्जुन सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ ईको कार में सवार होकर अपनी मां संतोष देवी की अस्थियां विसर्जित करने के लिए गंगाघाट सोरों जी लहरा गए थे। संतोष देवी का निधन 8 जून को हुआ था। परिवार सोमवार को अस्थि विसर्जन के लिए रवाना हुआ था और मंगलवार तड़के वापस लौट रहा था। जैसे ही कार सवार गांव नगला रति के निकट पहुंचे । तभी अचानक एक कुत्ता कार के सामने आ गया। चालक ने कुत्ते को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वाहन का संतुलन बिगड़ गया। ईको कार अनियंत्रित होकर सड़क निर्माण के लिए रखी गिट्टी पर चढ़कर पलट गई। हादसे के बाद कार सवार श्रद्धालुओं की चीख-पुकार मचने लगी। चीख पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे और कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। मामले की सूचना पुलिस को दी गई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
घायलों में भीम सिंह, अर्जुन सिंह, रोहित, मंजू, दीपांशु, इमरत, हिमांशु, रामफल, चालक हरेंद्र तथा पलवल निवासी रैनू शामिल हैं।

Dainik Lalsa
Author: Dainik Lalsa

Leave a Comment